शादी में दहेज का एक भी रुपया न लेने का प्रण लेकर शादी करने वाले बैंक मैनेजर के अरमानों पर लड़की वालों ने शराब पीकर पानी फेर दिया।
आगरा के एक होटल मे आयोजित समारोह में कन्या पक्ष की अभद्रता पर दूल्हे के मामा भड़क गए। इस पर लड़की वालों ने शादी से इंकार कर दिया।
बाद में होटल का चार लाख रुपये का बिल देकर दूल्हा बगैर दुल्हन के ही बारात समेत हाथरस लौट आए।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक एसबीआई में मैनेजर पद पर कार्यरत है। उसकी शादी के लिए काफी रिश्ते आ रहे थे, जिसमें दिन खोलकर दान-दहेज का भरोसा दिलाया गया।
लड़का बगैर दहेज के शादी करने का प्रण लिए हुए था। इसी के चलते उसने कई बड़े-बड़े रिश्तों को इंकार कर दिया। वह चाहता था कि वह लड़की को केवल दो जोड़ी कपड़ों के साथ ही विदा कराए।
पिछले दिनों इस युवक का तबादला हैदराबाद से आगरा हो गया। वहां उसे एक लड़की पसंद आ गई। उसने अपने पैसों से ही पूरी शादी करने का फैसला कर लिया।
बीती 16 दिसंबर को बैंक मैनेजर बारात लेकर आगरा होटल पहुंच गया। वहां खाना चल रहा था। तभी लड़की पक्ष के लोगों ने शराब पीकर हंगामा शुरू कर दिया।
दूल्हा और उसके परिवार के लोगों ने विरोध किया तो वे फिर भी नहीं माने। इस पर दूल्हे ने खाना रुकवा दिया। इस पर दुल्हन का पिता और मामा नाराज हो गये।
उन्होंने शादी से इंकार कर लिया और दुल्हन को लेकर चले गये। दूल्हा ने होटल का चार लाख रुपये का भुगतान किया और बारात को वापस लेकर अपने गांव आ गया। यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना है।