बिहार के जमुई जिले के चकाई प्रखंड में एक युवक ने शुक्रवार की रात पहले अपनी पत्नी को जहर खिलाकर मार डाला, फिर खुद फांसी लगाकर जान दे दी।
मृतक की पहचान पंचमुखी चौक निवासी जगदेव राम के पुत्र अजय राम एवं पुत्रवधू प्रीति देवी के रूप में की गई है।
परिजनों ने बताया कि मृतक अजय राम की शादी छह माह पूर्व शेखपुरा के चेवाड़ा थानांतर्गत लहंगा गांव निवासी जयप्रकाश राम की पुत्री प्रीति देवी (23) के साथ धूमधाम से हुई थी।
शादी के कुछ दिन बाद दोनों में विवाद होने लगा। परिजनों ने समझा-बुझाकर दोनों का विवाद शांत कराया। लेकिन कुछ ही दिन बाद पुन: विवाद शुरू हो गया।
शुक्रवार की रात प्रीति देवी सभी लोगों को खाना पीना खिलाकर सोने चली गई।
शनिवार की सुबह जब आठ बजे तक जब दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों ने चकाई पुलिस को सूचना दी।
चकाई पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर जब दरवाजा तोड़ा तो देखा कि अजय राम का शव पंखे से साड़ी के सहारे लटका है जबकि प्रीति देवी नीचे मृत पड़ी है।
पुलिस ने कमरे की छानबीन की तो शव के पास से जहर का खाली पुड़िया बरामद किया। आशंका है कि अजय राम ने पहले अपने पत्नी को जहर पिलाया उसके बाद खुद साड़ी का फंदा बनाकर पंखे से लटक गया।
चकाई पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया।